चूरा पोस्त समेत एक गिरफ्तार

पांवटा साहिब (सिरमौर)। राजबन पुलिस चौकी टीम ने देर रात को चूरा पोस्त समेत एक आरोपी को गिरफ्तार किया। जबकि एक अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। दबोचे गए आरोपी से तीन किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ है। पुलिस ने मादक द्रव्य पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रविवार रात राजबन पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई मेहर चंद की टीम ने पांवटा-सतौन मार्ग पर नाका लगाया था। इस दौरान आने जाने वाले वाहनों की चैकिंग हो रही थी। इस बीच दो युवक बाइक पर सवार होकर पांवटा से सतौन मार्ग की तरफ जाने को पहुंचे।
दूर से ही नाके में लगी पुलिस टीम को देखकर बाइक सवार हड़बड़ा गए। संलिप्त एक आरोपी दूर से ही अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गया। जबकि दूसरे युवक को पुलिस टीम ने धर दबोचा। तलाशी के दौरान युवक के पास तीन किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। इसके बाद सतौन पंचायत के रघुवीर सिंह (40) को गिरफ्तार कर लिया है।
उधर, डीएसपी योगेश रोल्टा ने मामले की पुष्टि की है। डीएसपी ने कहा कि सतौन निवासी आरोपी रघुवीर सिंह (40) को चूरा पोस्त समेत गिरफ्तार किया है। जबकि, फरार दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। मादक द्रव्य पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले के फरार आरोपी को भी शीघ्र दबोचा जाएगा।

Related posts