लोकल रूटों पर लाल बसों का नहीं करना पड़ेगा इंतजार

शिमला। बस स्टॉप पर खडे़ लोगों को अब लाल बसों का लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। 15 दिसंबर से शहर में स्कूल टाइम पर चल रही करीब 30 बसें लोकल रूटों पर सेवाएं देंगी। अतिरिक्त बसों के संचालन से लोगों को बसों में ओवरलोडिंग से भी निजात मिलेगी।
15 दिसंबर के बाद राजधानी के अधिकतर स्कूल बंद हो जाएंगे। इसके चलते स्कूल बसें बंद होने से 30 अतिरिक्त बसें निगम को सिटी ऑपरेशन के लिए मिलेंगी। उम्मीद की जा रही है कि अतिरिक्त बसें चलने से बसों में ओवरलोडिंग की समस्या नियंत्रित होगी। एचआरटीसी शहर में जेएनएनयूआरएम के तहत लोकल रूटों पर 75 लाल बसें चलाई जा रही हैं। करीब 38 बसें विभिन्न स्कूलों से बच्चों को लाने और ले जाने के लिए लगाई गई थीं। अब शीतकालीन सत्र वाले स्कूल बंद होने जा रहे हैं तो निगम स्कूल बसों को बंद कर इन्हें लोकल रूटों पर चलाने वाला है। एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक (लोकल) देवासेन नेगी ने बताया कि स्कूल बसें बंद होेने के बाद शहर के लोगों को और अधिक बेहतर सेवाएं देने की कोशिश की जाएगी। साथ ही क्रमबद्ध तरीके से बसों की मेंटेनेंस भी की जाएगी।

Related posts