
शिमला। प्रदेश भर में पिछले करीब 20 दिन से मौसम खुश्क चल रहा है। आने वाले सप्ताह तक मौसम में खास परिवर्तन देखने को नहीं मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार मौसम ऐसा ही रहा तो इस बार शिमला में व्हाइट क्रिसमस नहीं हो पाएगा। दिसंबर माह की सर्दी में राजधानी का अधिकतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस के मध्य रहा। 25 दिसंबर तथा आसपास के दिनों में बर्फबारी के आसार काफी कम हैं। दिसंबर महीने में अधिकतम तापमान 20 डिग्री तक रहना सामान्य नही है। बेशक, राजधानी शिमला सहित कई जिलों में न्यूूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया हो, लेकिन बर्फबारी के लिए यह पर्याप्त नहीं है। शिमला का न्यूनतम तापमान 5.8, सुंदर नगर का 3.9, भुंतर का 3.3, कल्पा का 3.0, केलांग का -2.2, सोलन का 3.0, चंबा का 4.8, मनाली का 2.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के शिमला केंद्र के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि जिस तरह मौसम चल रहा है, उससे लग रहा है कि इस बार व्हाइट क्रिसमस की उम्मीद कम ही है। यदि पश्चिमी विक्षोभ में अचानक प्रभावशाली बदलाव आता है तो 25 दिसंबर को बर्फबारी से इंकार नहीं किया जा सकता है।
