
नादौन (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत गगाल के पास एक बाइक दुर्घटना में बाइक सवार बुरी तरह से घायल हो गया है। इसे गंभीर अवस्था में टांडा रेफर कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक नंबर एचपी 36ए-7410 पर सवार होकर लखवीर सिंह पुत्र केहर सिंह निवासी भडूं, नैहरनपुखर हमीरपुर से नादौन की ओर आ रहा था। गगाल के निकट हमीरपुर की ओर जा रही कार नं. पीबी 02 बीवाई-6966 से टकरा गया। इसे स्थानीय लोगों ने तुरंत नादौन अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए टांडा रेफर कर दिया गया। कार चालक सुनील कुमार पुत्र चिंत राम निवासी जटवाल, हमीरपुर ने बताया कि वह तथा भाई संजीव और परिवार के सदस्य अमृतसर से अपने छोटे भाई के विवाह के लिए घर आ रहे थे। उन्होंने बताया कि जैसे ही वह लोग गगाल के निकट पहुंचे तो सामने से आ रहा बाइक सवार अपनी बाइक पर नियंत्रण खो बैठा और कार को गलत दिशा में टक्कर मार कर गिर पड़ा। उधर थाना प्रभारी शेर सिंह ठाकुर ने बताया कि मामला दर्ज करके छानबीन की जा रही है।
