नहीं मिला 4-9-14 का लाभ

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ की बैठक प्रधान संजीव ठाकुर की अध्यक्षता में शिक्षा उपनिदेशक हमीरपुर के साथ हुई। इस मौके पर अध्यक्ष ने शिक्षा उपनिदेशक को पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी। संघ ने अपनी मांगों से शिक्षा उपनिदेशक को अवगत करवाया। शिक्षा उपनिदेशक ने आश्वासन दिया कि सरकार और शिक्षा विभाग से मांगों को उठाया जाएगा।
बैठक में संघ ने 4-9-14 का लाभ तुरंत देने की मांग की। संघ ने कहा कि अधिसूचना के एक वर्ष बीत जाने के बाद भी प्रवक्ता वर्ग को इसका कोई लाभ नहीं मिला है। प्रवक्ताओं ने कहा कि इस समय जो प्रवक्ताओं के सेमीनार आयोजित किए जा रहे हैं छात्रहित में नहीं हैं। स्कूल प्रधानाचार्य पदों के लिए प्रवक्ता और मुख्याध्यापकों के बीच 50:50 का अनुपात तर्कसंगत नहीं है। संख्या को आधार मानते हुए इसे निर्धारित किया जाए। स्कूल प्रवक्ताओं के पदनाम को प्रवक्ता ही रहने दिया जाए। जो स्कूल प्रवक्ता यूजीसी नियमों को पूरा करते हैं, उन्हें कॉलेज में 25 फीसदी पदोन्नति कोटा दिया जाए। अनुबंध व पैरा प्रवक्ताआें को नियमित करने की समय सीमा तीन वर्ष की जानी चाहिए। विज्ञान प्रवक्ताओं को टीजीटी साइंस की तर्ज पर प्रायोगिक भत्ता दिया जाए। महिला प्रवक्ताओं को 20 आकस्मिक अवकाश एवं छह माह का मातृत्व अवकाश दिया जाए।
इस मौके पर बैठक में राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष डा. प्रकाश कुमार, राज्य वित्त सचिव डा. राजगीर, जिला महासचिव सुनील शर्मा, तेज सिंह, अश्वनी शर्मा, भूपेंद्र ठाकुर, विपिन माहिल, नरेश ठाकुर, विजय कुमार, गौतम सिंह, विनोद शर्मा आदि मौजूद रहे।

Related posts