35 फीसदी पंचायतों में पूरा कोरम अधूरा

कुल्लू। विशेष ग्राम सभा की बैठक में जिले की करीब 35 फीसदी पंचायतों में कोरम पूरा नहीं होने से किसी तरह की चर्चा नहीं हो सकी। कोरम पूरा न होने से न तो राजीव गांधी अन्न योजना की चयन प्रक्रिया हो सकी और न ही आधारयुक्त राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम राशन कार्ड की प्रक्रिया आगे बढ़ पाई। जिले की 204 पंचायतों में से करीब 140 पंचायतों का कोरम पूरा हो सका है। शेष पंचायतों में बैठक को लेकर नई तिथि घोषित कर कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा। रविवार को हुई ग्राम पंचायत कलैहली की ग्राम सभा में स्थानीय ग्रामीणों ने पंचायत क्षेत्र में लग रहे दो मोबाइल टावरों को एनओसी देने से इनकार कर दिया है। कलैहली ग्राम पंचायत के ग्रामीण मुंशी लाल, हेमराज, बछिंद्रपाल, डोले राम, किन्नू, तेजराम सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लगने वाले दो मोबाइल टॉवरों के बारे में उन्हें किसी प्रकार की कोई सूचना नहीं दी गई थी और दोनों टॉवर आबादी के अंदर लगाए जा रहे थे। गांव में टॉवर लगने से लोगों को ध्वनि प्रदूषण और रेडिएशन का भी खतरा था। इसके कारण सभी ग्रामीणों ने एकमत से ग्राम सभा में इसे रद्द करवा दिया है। ग्राम सभा की बैठक में राजीव गांधी अन्न योजना के लिए भी पात्र उम्मीदवारों का भी चयन किया गया। ग्राम पंचायत कलैहली की प्रधान फूला देवी ने बताया कि ग्रामीणों ने ग्राम सभा में दो मोबाइल टॉवरों की एनओसी को रद्द कर दिया है और बैठक में सभी ग्रामीणों ने अपनी हाजिरी भरी। जिला पंचायत अधिकारी गिरीश शर्मा ने जिला कुल्लू में करीब 65 फीसदी पंचायतों का कोरम पूरा होने की बात कही है। उन्होंने कहा कि जिन पंचायतों में कोरम पूरा नहीं हुआ, उन पंचायतों में अगली बैठक के लिए जल्द तिथि तय की जाएगी।

Related posts