
भुंतर (कुल्लू)। मणिकर्ण घाटी के फागू गांव के समीप एक जीप खाई में गिर गई। इससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। चालक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। इस हादसे के बाद घाटी शोक में डूब गई है। पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब साढे़ दस बजे तीनों लोग जीप में सवार फागू में चल रहे देव उत्सव के लिए जा रहे थे। इसी बीच फागू से कुछ दूरी पर जीप अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में जीप चालक तो बच गया, लेकिन जीप में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घायल चालक निवासी छैऊंर खेम सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हादसे में मारे गए मृतकों की पहचान छैऊंर के कोट गांव निवासी प्यारे लाल (73) और छैऊंर निवासी दुर्गा सिंह (65) के रूप में हुई है। डीएसपी ने कहा कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए हैं। जबकि, इस हादसे में घायल चालक कुल्लू अस्पताल में उपचाराधीन है। घायल चालक की हालत अभी गंभीर बनी हुई है। मामले की छानबीन एसआई रिगजेन को सौंपी गई है।
