बलादी में ढाई मंजिला मकान राख

कुल्लू। मणिकर्ण घाटी के गांव बलादी में शनिवार देर रात आग भड़क गई। अग्निकांड में एक ढाई मंजिला मकान सामान सहित राख हो गया है। इसके चलते एक परिवार के चार सदस्यों के सिर से छत छिन गई है। इसके अलावा आग की इस घटना में एक गाय समेत एक बछड़ा भी आग की भेंट चढ़ गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शनिवार देर रात इस आगजनी में तलीपीणी पंचायत के तहत पड़ने वाले गांव बलादी के अमरनाथ का घर जलकर राख हो गया। परिवार के चार सदस्य बेघर हो गए हैं। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते ढाई मंजिला मकान राख के ढेर में तबदील हो गया।
अग्निकांड में करीब चार लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। आग लगने की सूचना मिलते ही गांव में अफरातफरी मच गई। पानी की सुविधा न होने के चलते ग्रामीणों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद भी ग्रामीण आग पर काबू नहीं पा सके। तलपीणी पंचायत उपप्रधान मोहर सिंह ठाकुर ने बताया कि यह क्षेत्र सड़क सुविधा से वंचित है। वहीं, पानी की भी ज्यादा समस्या रहती है। उन्होंने बताया कि इस आग की घटना में करीब चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। तहसीलदार कुल्लू एसपी जसवाल ने बताया कि रविवार को सर्कल पटवारी को मौके पर भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि नुकसान के आकलन के बाद पीड़ित परिवार को राहत राशि दे दी जाएगी।

Related posts