
कुल्लू। जिले में दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए डीएसपी ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पहले मामले में औट-लुहरी सड़क मार्ग पर आनी से बंजार की ओर देर रात आ रही सूमो कोट नाला के समीप गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में चालक की मौत हो गई। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने भादंसं की धारा 279, 304 ए के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी ने बताया कि सड़क हादसा लापरवाही से वाहन चलाने से पेश आया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। सड़क हादसे में मारे गए चालक की पहचान कुम्भ दास के रूप में हुई है। मामले की छानबीन पीएसआई भाग चंद कर रहे हैं। दूसरे मामले में कुल्लू के तलोगी के समीप एक तेजरफ्तार टिप्पर ब्यास नदी में जा गिरा। इस सड़क हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंचे एसआई योगराज ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर शव का पोस्टमार्टम करवाकर इसे कुल्लू के शव गृह में रखा गया है। हादसे में मारे गए चालक की पहचान मंडी जिला के क्याल (कमांद) निवासी के रूप में हुई है।
