
कुल्लू। जिले में किसानों को केंचुआ खाद पर पचास फीसदी सब्सिडी दी जाएगी। केंद्र तथा राज्य सरकार ने किसान-बागवानों के लिए तरह-तरह की कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। इन योजनाओं का लाभ उठाकर किसान-बागवान अपनी आर्थिक को और मजबूत कर सकता है। बागवानी महकमे में किसान-बागवानों को तरह-तरह की योजनाओं के तहत सब्सिडी दी जाती है। केंचुआ खाद पर किसानों को 50 फीसदी सब्सिडी का प्रावधान है। किसान को एक गड्ढा बनाने पर तीस हजार रुपये का अनुदान मिलेगा। उद्यान तकनीकी मिशन योजना के तहत किसानों को वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने का प्रावधान किया गया है। बागवानी उपनिदेशक बीसी राणा ने इसकी जानकारी दी है। उपनिदेशक ने बताया कि केंचुआ खाद बनाने पर किसानों को तीस हजार रुपये की सब्सिडी मिलेगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए किसानों को गड्ढे का आकार विभागीय क्रियाकलापों के अनुसार बनाना पड़ेगा। गड्ढे की लंबाई 30 फुट, चौड़ाई आठ फुट और गहराई ढाई फुट होनी जरूरी है। उन्होंने जिले के किसान-बागवानों से आग्रह किया है कि इस योजना का लाभ उठाने के लिए नजदीकी उद्यान विकास अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।
