
केलांग। गौशाल के दौरे पर पहुंचे नेशनल एसटी कमीशन के उपाध्यक्ष एवं विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि चंद्रा-भागा नदी संगम के वामतट पर लाखों खर्च कर भूमि कटाव को रोका जाएगा। पिछले कुछ सालों से गौशाल गांव के ठीक नीचे नदी का तट भूमि कटाव के चलते फैलता जा रहा है। इससे आने वाले दिनों में गांव के लिए भी खतरा पैदा हो सकता है। उन्होंने बताया कि इसके लिए राज्य सरकार ने 35 लाख रुपये का प्रावधान किया है। रवि ठाकुर ने बताया कि इस बजट से नदी के तट पर क्रेटवाल से भूमि कटाव का रोका जाएगा। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से योजना के तहत चैक डैम लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि तांदी संगम को धार्मिक पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित करने के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। चंद्रा-भागा नदियों का यह पवित्र संगम धार्मिक लिहाज से हरिद्वार के समान दर्जा रखता है। तांदी संगम अपने आपमें हजारों साल पुराना इतिहास समेटे हैं। उन्होंने कहा कि तांदी संगम को हरिद्वार की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इस अवसर पर पंचायत प्रधान देव प्रकाश भी मौजूद रहे।
