सुल्तानपुर में मंगलसूत्र, नकदी पर हाथ साफ

कुल्लू। शहर के साथ लगते सुल्तानपुर में एक क्वार्टर से हजारों के आभूषण और कुछ नकदी समेट कर चोर नौ दो ग्यारह हो गए हैं। पुलिस ने भादंसं की धारा 457 और 380 के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। चोरों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया, जब महिला किसी काम से क्वार्टर से बाहर गई थीं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उदयपुर निवासी रेशमा कुमार ने पुलिस को दिए शिकायत पत्र में कहा है कि वह वर्तमान में सुल्तानपुर में किराए के मकान पर रहती हैं। शिकायत में कहा है कि जब वह किसी काम से बाहर निकलीं तो चोर ने मौके का फायदा उठाकर सेंध लगा दी। जब वह वापस कमरे में पहुंचीं तो सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था और कमरे से 80 हजार रुपये का सोने का मंगलसूत्र तथा 700 रुपये नकदी गायब पाई गई। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया महिला की शिकायत पर पुलिस ने चोरों की धरपकड़ के लिए अभियान छेड़ दिया है। उन्होंने कहा कि जल्द चोरों को सलाखों के पीछे धकेल दिया जाएगा। मामले की जांच का जिम्मा हेड कांस्टेबल जवाला सिंह को सौंपा गया है।

Related posts