1.96 करोड़ से संवेरगी भुईंन-त्रैहण सड़क

कुल्लू। सांसद प्रतिभा सिंह ने शुक्रवार देर शाम भुंतर के निकटवर्ती गांव त्रैहण में करीब 3.42 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली त्रैहण-नरोगी सड़क के लिए भूमि पूजन किया। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि इस सड़क के बनने से नरोगी और इसके आसपास के दुर्गम गांवों के लोगों को सुविधा होगी और उनकी वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी।
उन्होंने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम के कुल्लू डिपो में नई बसें आते ही गांव त्रैहण तक नियमित बस सेवा आरंभ कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भुईंन-त्रैहण सड़क की दशा सुधारने के लिए 1.96 करोड़ का प्रावधान किया गया है। उन्होंने गांव नरोगी में सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए अपनी सांसद निधि से दो लाख रुपये मंजूर करने की घोषणा भी की। इससे पहले सांसद का स्वागत करते हुए विधायक महेश्वर सिंह ने क्षेत्र में जारी विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अप्पर त्रैहण गांव की पेयजल समस्या के समाधान के लिए 4.50 लाख रुपये का प्राक्कलन तैयार किया गया है। शीघ्र इस दिशा में कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस महासचिव सुंदर सिंह ठाकुर, जिला परिषद सदस्य हितेश्वर सिंह, ग्राम पंचायत शिल्हीहार की प्रधान पुष्पा ठाकुर, पूर्व उपप्रधान दुनीचंद, ब्लॉक कांग्रेस महासचिव चमन लाल शर्मा और पूर्व बीडीसी सदस्य गुप्तराम ठाकुर ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर, जिला परिषद अध्यक्ष हरि चंद शर्मा, सदस्य प्रेमलता ठाकुर, ओम प्रकाश शर्मा, नगर परिषद कुल्लू के उपाध्यक्ष मनु शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम चंद शर्मा और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

Related posts