खूनी मोड़ पर टकराईं तीन गाड़ियां

बंगाणा (उना)। ऊना-हमीरपुर सीमा पर खूनी मोड़ पर शुक्रवार देर रात तीन गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इसमें तीनों गाड़ियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। एक गाड़ी में विख्यात शूटर विजय शर्मा का परिवार था, जो चंडीगढ़ से वापस अपने घर जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि बलवीर सिंह पुत्र चुनी लाल आरओ भोरंज ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि शुक्रवार रात को वह बारात लेकर शिमला से ऊना जा रहे थे। जैसे ही बड़सर के पास ऊना-हमीरपुर सीमा पर पहुंचे तो सामने से आ रही एक गाड़ी ने उनके पिछले पहिये के पास जोर की टक्कर मार दी। बलवीर ने बताया इसके बाद उनके पीछे से आ रही एक और गाड़ी ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। इसमें उनकी गाड़ी को काफी नुकसान हुआ है। दूसरी ओर शूटर विजय कु मार के पिता बांकू राम ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह अपनी पत्नी रोशनी देवी, नीलम, अक्षित व विशन दत्त सहित चंडीगढ़ से अपने घर हरसौर जा रहे थे। बड़सर के पास सामने से आ रही गाड़ी के चालक बलवीर सिंह ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। उसके बाद गाड़ी में सवार कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट भी की। इसमें शूटर विजय के पिता बांकू राम व विशन दत्त को गंभीर चोटें लगी हैं। बंगाणा के थाना प्रभारी रामदास कौशल ने बताया कि तीनों गाड़ियों को कब्जे में ले लिया गया है। क्रास एफआईआर दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।

Related posts