बस के टायर के नीचे आने से महिला की दर्दनाक मौत

अंब/बडूही (ऊना)। बडूही चौक पर निजी बस की चपेट में आने से एक बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत हो गई। महिला की शिनाख्त 85 वर्षीय गुरमीत कौर पत्नी चनन सिंह निवासी बस्सी गुलामसन जिला होशियारपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ऊना क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने आगामी जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद बडूही चौक पर काफी देर तक जाम लगा रहा। पुलिस कर्मियों के आने के बाद जाम खुलवाया जा सका।
पुलिस के अनुसार गुरमीत कौर निवासी होशियारपुर, तलमेहड़ा स्थित अपने रिश्तेदाराें के घर जा रही थी। शनिवार सुबह बडूही चौक पर निजी बस से उतरने के बाद जब वह बस के आगे से गुजर रही थी, तो चालक ने अचानक बस को आगे की ओर चला दिया। इसके चलते बस का अगला टायर महिला के शरीर पर चढ़ गया। हादसा इतना दर्दनाक था कि सड़क खून से लाल हो गई। ट्रैफिक इंचार्ज अमरीक सिंह ने बताया कि पुलिस ने निजी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ऊना अस्पताल भेज दिया गया है। जबकि मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है। महिला के परिजनों को भी घटना की सूचना देे दी गई है।

नानी नहीं देख पाई 5 दिन के दोहते को
धुसाड़ा (ऊना)। होशियारपुर की महिला ने नहीं सोचा होगा कि जो बस उसे ऊना से बड़ूही तक लेकर आई, वही बस उसकी मौत का कारण बन जाएगी और अपने पांच दिन के दोहते को देखने के अरमान भी उसके दिल में ही रह जाएंगे। होशियारपुर की महिला तलमेहड़ा में अपनी पुत्री के पांच दिन के बेटे के खुशी में रखे गए कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी कि यह हादसा हो गया।

Related posts