कालेज कैंपस में चली लाठियां, ईंटें

ऊना। राजकीय महाविद्यालय में शनिवार को दो छात्र गुटों में जमकर खूनी संघर्ष हुआ। दोनों पक्षों के एक दर्जन के करीब युवकों ने एक-दूसरे पर जमकर लात घूंसे, लाठियां और ईंटें बरसाईं। घटना में तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया। उधर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर मामूली सी कहासुनी के चलते दो युवकों में बहसबाजी हो गई। मामले को गरमाता देख दोनों पक्षों के युवकों ने एक दूसरे पर्र इंटे एवं पत्थरों से हमला करना शुरू कर दिया। कालेज कैंपस के बीचों बीच हुई मारपीट में कालेज के तीन छात्र दीपक, असलम एवं रुस्तम को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर कई युवक मौके से फरार हो गए। लड़ाई झगड़े में शामिल कई युवक आउटसाइडर बताए जा रहे हैं। जिनकी धरपकड़ को पुलिस ने छापामारी शुरू कर दी है। उधर मामले की पुष्टि करते हुए एसएचओ केएल बैरी ने बताया कि पुलिस ने छात्रों की लिखित शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related posts