
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी दिल्ली में पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार डॉ. हर्षवर्धन की तारीफ में उतर आए हैं।
उन्होंने कहा कि देश को पोलियो मुक्त बनाने में उनकी अग्रणी भूमिका रही है।
आडवाणी ने पुरानी घटना को याद करते हुए अपने ब्लॉग में लिखा कि वर्ष 2001 में तब के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने� हर्षवर्धन की सराहना करते हुए उन्हें स्वास्थ्य वर्धन कहा था।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंद्रकुमार गुजराल ने भी उन्हें दिल्ली का सर्वश्रेष्ठ स्वास्थ्य मंत्री करार दिया था।
आडवाणी ने कहा कि इसी लिए डॉ. हर्षवर्धन को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने का निर्णय सराहनीय कदम है।
आडवाणी ने कहा है कि हर्षवर्धन के दिल्ली में स्वास्थ्य मंत्री रहते राष्ट्रीय राजधानी में पोलियो के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ा गया।
इसके बाद ही राष्ट्र को पोलियो मुक्त बनाने के लिए इस अभियान को पूरे भारत में शुरू किया गया। उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स की ओर से हर्षवर्धन की प्रशंसा का भी जिक्र किया।
हर्षवर्धन की 2004 में लिखी किताब ‘अ टेल आफ टू ड्राप्स’ की प्रस्तावना आडवाणी ने लिखी थी। आडवाणी ने कहा कि उस किताब में मेरी तीन पेज की प्रस्तावना के पहले दो पैरा से ही साफ हो जाएगा कि उन्होंने भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में हर्षवर्धन के नाम की इतनी सराहना क्यों की|
