
हमीरपुर। उपभोक्ताओं को अब राशन के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। दिसंबर माह में सभी डिपुओं पर समय पर राशन उपलब्ध करवाया जाएगा। विभाग ने राशन उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। समय पर टेंडर किए गए हैं और समय पर ही राशन उपलब्ध हो जाएगा। इससे पहले समय पर टेंडर न होने के कारण राशन आधा अधूरा ही मिल रहा था।
दीपावली पर प्रति राशन कार्ड पर मिलने वाला अतिरिक्त दो किलोग्राम चीनी का कोटा भी दिसंबर माह में डिपुओं में उपलब्ध होगा। प्रति राशन कार्डधारक को दो किग्रा. नीची का अतिरिक्त कोटा 35 रुपये प्रति किग्रा. की दर से उपलब्ध रहेगा। जो उपभोक्ता दिसंबर माह में चीनी का अतिरिक्त कोटा नहीं लेंगे, उन्हें जनवरी माह में कोटा जारी नहीं किया जाएगा। उधर प्रतिमाह डिपुओं में देरी से पहुंच रहे राशन का भी विभाग ने समाधान कर लिया है। विभागीय सूत्रों की मानें तो राशन के टेंडर समय पर न होने से डिपुओं में आधा अधूरा राशन पहुंच रहा था। अब विभाग का दावा है कि दिसंबर माह से जिलाभर के डिपुओं में समय पर राशन उपलब्ध करवाया जाएगा।
दिसंबर माह से जिला के सभी डिपुओं में समय पर राशन उपलब्ध होगा। इससे उपभोक्ताओं को दिक्कतों से नहीं जूझना पड़ेगा। चीनी का अतिरिक्त कोटा भी दिया जाएगा।
