
चंबा। शहस्त्रावदी शहर का चौगान नंबर चार जल्द सुंदर व संवरा हुआ नजर आएगा। नगर परिषद जल्द चौगान का सौंदर्यीकरण करेगी। इस कार्य पर नगर परिषद छह लाख रुपये खर्च करेगी। नगर परिषद को चौगान के सौंदर्यीकरण के लिए यह धन राशि उपायुक्त कार्यालय ने उपलब्ध करवाई है। इससे चौगान में बच्चों के लिए झूले व रेलिंग लगाई जाएगी। चौगान के टूटे फूटे हिस्से की मरम्मत करवाई जाएगी। साथ ही चौगान में हरी घास भी उगाई जाएगी, ताकि चौगान चकाचक लग सके। गौरतलब है कि कि नगर परिषद चंबा ने उपायुक्त से चौगान नंबर चार के सौंदर्यीकरण के लिए पैसों की मांग रखी थी। इसके बाद उपायुक्त कार्यालय ने धन राशि को स्वीकृति प्रदान कर दी है और आगामी दिनों में चौगान की दशा सुधारने का कार्य जोर-शोर से आरंभ कर दिया जाएगा। चौगान में इससे पहले भी नगर परिषद ने बच्चों को खेलने के लिए झूले और स्केटिंग लगाई हैं। चौगान के इस हिस्से में झूले नहीं हैं। इस स्थान पर झूले व स्केटिंग लगाई जाएगी। इससे चौगान में खेलने के लिए आने वाले बच्चों को सुविधा होगी। साथ ही चौगान के जीर्णोद्धार होने से सुबह शाम चौगान में सैर करने के लिए आने वाले लोगों को भी काफी अच्छा लगेगा। स्थानीय लोग भी कई बार नगर परिषद से चौगान की सुध लेने की मांग कर चुके हैं।
नगर परिषद अध्यक्ष अनीता ठाकुर ने बताया कि चौगान के जीर्णोद्धार पर छह लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस धन राशि से चौगान की मरम्मत की जाएगी और चौगान में झूले व रेलिंग लगाई जाएगी। जल्द यह कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
