भालूओं ने घर में घुसकर किया लहुलूहान

भरमौर (चंबा)। ग्राम पंचायत खणी के थोबू गांव में एक मादा भालू ने दो बच्चों समेत घर में घुस कर एक व्यक्ति पर हमला कर दिया। इससे वह बुरी तरह से लहुलूहान हो गया। बाद में पुलिस व स्थानीय लोगों ने मादा भालू व उसके दो बच्चों को गोली मारकर व्यक्ति को उनके चंगुल से छुड़ाया। शुक्रवार को सुबह करीब साढे़ सात बजे चैन सिंह (40) पुत्र महेश निवासी थोबू अपने घर पर अकेला था। इस दौरान एक मादा भालू ने अपने दो बच्चों सहित उसके घर में घुस कर उस पर बुरी तरह हमला कर दिया। चैन सिंह के भाई कुंज लाल ने बताया कि जैसे ही वह घर पहुंचे, तो देखा कि भालू उसके भाई पर बुरी तरह से हमला कर रहे थे। इतने में उसने शोर मचाया और गांववासियों को एकत्रित किया। इसके बाद पुलिस व वन विभाग के अधिकारियों को भी सूचित कर दिया गया और वे तुरंत मौके पर पहुंच गए। एसएचओ ने भालूओं पर गोली दागकर उन्हें मार गिराया और चैन सिंह की जान बचाई। इसके बाद चैन सिंह को चंबा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। भालू के हमले से चैन सिंह के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आई हैं।

अधिकारियों का कहना है…
एसएचओ ज्ञान सिंह ठाकुर ने बताया कि सुबह उन्हें फोन के माध्यम से घटना की सूचना मिली। उन्होंने कह कि जैसे ही वह मौके पर पहुंचे तो भालू बुरी तरह से चैन सिंह पर झपटा हुआ था। उसकी जान बचाने के लिए मजबूरन उन्हें मारना पड़ा। उधर, वन मंडलाधिकारी सुमन ओहरी ने बताया कि मृत भालू को कब्जे में ले लिया है।

Related posts