रेहड़ी-फड़ी वालों को मिलेगी जगह

चंबा। नगर परिषद की बैठक कमेटी हाल में आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष अनीता ठाकुर ने की। इस मौके पर नप के कार्यकारी अधिकारी राम प्रसाद शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक के दौरान शहर के विकास कार्यों पर चर्चा की गई। नगर परिषद अध्यक्ष अनीता ठाकुर ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार रेहड़ी फड़ी वालों के लिए स्ट्रीट वेंडर कमेटी गठित की जाएगी। यह कमेटी जो भी निर्णय लेगी, वह सर्वमान्य होंगे। उन्होंने कहा कि कमेटी के गठन के बारे में बैठक में विशेष रूप से चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि जल्द कमेटी का गठन किया जाएगा और रेहड़ी-फड़ी वालों को कारोबार करने के लिए उचित स्थान मुहैया करवाया जाएगा। इसके अलावा सुलतानपुर पार्किंग की नीलामी करने के बारे में चर्चा की गई और नियमानुसार नीलामी करने की बात कही गई। इस मौके पर नगर परिषद की ओर से निर्णय लिया गया कि शहर में सफाई व्यवस्था को सुचारू करने के लिए नगर परिषद चौंतड़ा और जनसाली वार्ड के बीच दो कूड़ेदान स्थापित करेगी। इन दोनों कूड़ेदानों में अलग-अलग प्रकार का कूड़ा एकत्रित किया जाएगा। एक कूड़ेदान किचन के कूड़े के लिए रखा जाएगा और दूसरा कूड़ेदान प्लास्टिक व अन्य प्रकार के कूड़े के लिया रखा जाएगा। बैठक के दौरान विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने अपने वार्ड की समस्याओं को उठाया। इसमें सड़कें, लाइटें, नालियों की समस्याएं उठाई गईं। इसके अलावा बैठक के दौरान दस नक्शे पास किए गए। इस अवसर पर नगर परिषद के एसडीओ थान सिंह, उपाध्यक्ष जितेंद्र सूर्या, पार्षद पंडित लक्ष्मीधर, सुराड़ा पार्षद भानू प्रताप, महिंद्र हांडा, अंजू कुमारी, अमृता, सीमा और अरुणा जसरोटिया मौजूद रहे।

Related posts