
कुल्लू। उद्यान तकनीकी मिशन के तहत कुल्लू जिला को केंद्र सरकार की ओर से साढ़े तीन करोड़ रुपये की राशि मिल चुकी है। बगीचों को संवारने और नए बगीचे लगाने के इच्छुक बागबानों की इस राशि से मदद की जाएगी। उद्यान तकनीकी मिशन योजना के तहत बागबानों को चालू वित्तीय वर्ष 2013-14 में करोड़ों रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने का प्रावधान किया गया है। इसी कड़ी में जिला कुल्लू बागवानी विभाग को तीन करोड़ 53 लाख रुपये मिल चुके हैं।
जिला में यह राशि बागबानों को विभिन्न मदों के तहत ग्रांट के रूप में बांटी जाएगी। इसमें विभिन्न मदों में बागवानों को निश्चित प्रतिशतता में अनुदान दिया जाता है। विभाग इस बजट को जिला के सभी खंडों के लिए आवंटित करेगा। इस योजना का लाभ उठाने के लिए बागबान अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। बागवानी विभाग कुल्लू के उपनिदेशक बीसी राणा ने जिला के बागबानों को इस योजना का लाभ उठाने के लिए नजदीकी उद्यान विकास अधिकारी से संपर्क करने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि उद्यान तकनीकी मिशन के तहत जिला कुल्लू में साढ़े तीन करोड़ रुपये का प्रावधान सरकार ने किया है। इस योजना के तहत विभिन्न मदों पर किसानों को 50 से 85 प्रतिशत का अनुदान मिलेगा। पॉलीहाउस पर 85, ओला अवरोधक जाली पर 80, क्षेत्र विस्तार पर 75, कुआं खुदाई पर 75 तथा पावर टिलर और पावर स्प्रे पर 50 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान बागवानों को इस योजना के तहत किया गया है। उन्होंने बताया कि इस योजना का जिला के बागबान भरपूर लाभ उठाएं और अपने बगीचों को तकनीकी योजना से विकसित करें।
