पार्टी कहे तो लड़ूंगा चुनाव : कालिया

ऊना। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं गगरेट के विधायक राकेश कालिया ने कहा कि यदि पार्टी कहे तो वे हमीरपुर संसदीय सीट पर लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। यह भी कहा कि उन्होंने अभी विधानसभा चुनाव लड़ा है। एआईसीसी में भी उनके पास काफी काम है। हमीरपुर संसदीय सीट पर सक्षम लोगों की कमी नहीं है। संसदीय हलके में कुछ मंत्री भी हैं, जिन्हें मैदान में उतारा जा सकता है। कालिया ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री जिसे चाहें उसे चुनाव जिता भी सकते हैं। वह शुक्रवार को ऊना स्थित विश्राम गृह में प्रेस वार्ता में बोल रहे थे।
कालिया ने कहा कि नरेंद्र मोदी को पीएम पद का उम्मीदवार घोषित करके भाजपा ने कांग्रेस का रास्ता आसान कर दिया है। दावा किया कि केंद्र में 2014 में फिर से कांग्रेस और यूपीए गठबंधन की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि वह ऊना में यूथ कांग्रेस के नव निर्वाचित पदाधिकारियों से भी मिले। संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया के बाद टेलेंटेड युवा जीतकर आगे आए हैं। एक सवाल के जवाब में कालिया ने कहा कि उनसे किसी की कोई नाराजगी नहीं है। कांगड़ में सीएम की जनसभा में बीते 23 अक्तूबर को उनके संबोधन पर पूछे प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा हलके में सब कुछ ठीक है। कुछ लोग हलके में गलत कार्य करवाने की कोशिश कर रहे थे लेकिन उनक ी शिकायत कर दी गई है। इनमें कुछ वे लोग थे, जो टिकटार्थी भी रहे।
इस मौके पर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के युकां अध्यक्ष रणवीर राणा, प्रदेश सचिव अभिषेक लंबड़, अंकुश कालिया, राहुल मेनन, ज्योति अग्निहोत्री, दिनेश सोनी, विकास मेनन, राहुल पुरी, वरुण पुरी, ईशान ओहरी, पंकज धीमान और मोहित शर्मा समेत युकां के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related posts