प्रधान के घर से जेवर-नकदी साफ

बड़सर/बिझड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत महारल के प्रधान के घर चोरी होने का मामला प्रकाश में आया है। परिवार के सदस्य मकान को ताला लगाकर पुराने मकान में सोने चले गए थे। चोर 40 हजार रुपये नकद और 10 तोले सोने के आभूषण ले उड़े हैं। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक ग्राम पंचायत महारल की प्रधान विजय कुमारी ने चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई है। प्रधान विजय कुमारी ने बताया कि वह और उसका परिवार अपने पुराने मकान में सोने चला गया। वीरवार सुबह सास नए मकान में आई तो उसने देखा कि मकान के मेन गेट का ताला खुला हुआ था। उसने जानकारी बहू को दी। परिवार सदस्य पहुंचे तो देखा कि कमरे में रखी अलमारी खुली थी। अलमारी में रखे 40 हजार की नकदी तथा करीब 10 तोले सोने के आभूषण गायब थे। प्रधान ने बताया कि पति ने 40 हजार रुपये भेजे थे जिन्हें अलमारी में रखा था। अलमारी में सोने की चेन, नथ, टिक्का, कांटे, टॉप्स व दो अंगूठियां रखी गई थीं। प्रधान ने घटना की सूचना बड़सर थाना व पुलिस चौकी दियोटसिद्ध को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने डॉग स्कवायड टीम को भी बुलाया तथा सुराग लगाने का प्रयास किया। अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया है।

महारल पंचायत प्रधान ने घर में चोरी होने की सूचना दी। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शीघ्र ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

Related posts