छह माह से रोजगार के इंतजार में युवा

बड़सर (हमीरपुर)। विकास खंड बिझड़ी के तहत बेरोजगार युवा रोजगार की आस लगाए बैठे हैं। युवाओं ने रिक्त पदों के लिए करीब छह माह पहले आवेदन किया था, लेकिन अभी तक आवेदन जमा होने बाद आगे की प्रक्रिया नहीं हो पाई। खंड कार्यालय ने रोजगार सेवक, तकनीकी सहायक का पद भरने के लिए बेरोजगार युवाओं से आवेदन मांगे थे।
बिझड़ी ब्लाक की बल्याह, बणी और भकरेड़ी पंचायत में ग्राम रोजगार सेवक का पद दो साल से रिक्त है। इसके अलावा बड़सर, जौड़े अंब तथा पथलयार पंचायत में तकनीकी सहायक का पद भी रिक्त है। बिझड़ी ब्लाक कार्यालय ने दोनों पदों को भरने के लिए छह माह पहले आवेदन मांगे थे। ग्राम रोजगार सेवक के लिए 65 युवाओं तथा तकनीकी सहायक के लिए 19 युवाओं ने आवेदन किया था, लेकिन आवेदन लेने के बाद से आज दिन तक पदों के लिए साक्षात्कार नहीं बुलाया गया। नौकरी की आस लगाए युवा मायूस होने लगे हैं। क्षेत्र के युवाओं संजय कुमार, नीरज कुमार, अमित कुमार, दीपक कुमार, प्रवीण कुमार, नरेश कुमार, सतीश कुमार, मुल्ख राज, कमल देव, सुरेंद्र कुमार, अजय कुमार सहित अन्यों ने बताया कि पद के लिए आवेदन किया था। लेकिन अभी तक साक्षात्कार नहीं बुलाया गया है। युवाओं ने साक्षात्कार बुलाने का आग्रह किया है। बल्याह पंचायत के उपप्रधान प्रवीण कुमार ने बताया कि पंचायत में ग्राम रोजगार सेवक का पद रिक्त होने से कामकाज निपटाने में विलंब हो रहा है। बड़सर पंचायत प्रधान सेवा दास, उपप्रधान राम आसरा ने बताया कि तकनीकी सहायक का पद रिक्त चल रहा है। रिक्त पद को शीघ्र भरने की मांग की। विकास खंड अधिकारी प्रकाश चंद ने बताया कि कार्यालय में कर्मचारियों की कमी के कारण साक्षात्कार लेने में विलंब हुआ है। आवेदन पत्रों की जांच की जा रही है। जल्द ही साक्षात्कार प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।

Related posts