
नंगल/ऊना। नंगल नहर के किनारे एक युवक की गाड़ी और सुसाइड नोट मिला है, जबकि युवक गायब है। कार में मिले सुसाइड नोट ने भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सदर थाना ऊना के एसएचओ केएल बैरी ने युवक की गाड़ी और सुसाइड नोट बरामदगी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि यह नंगल पुलिस थाना का मामला है लेकिन युवक की गुमशुदगी की रपट ऊना में दर्ज है।
जानकारी के मुताबिक युवक ऊना से मंगलवार शाम अपनी कार में नंगल की ओर गया था। उसकी कार पुलिस को नहर के किनारे खड़ी मिली है। इस घटना को ऊना पुलिस नंगल तथा नंगल पुलिस ऊना का मामला बताकर पल्ला झाड़ने की कोशिश करती दिखी। युवक की पहचान ऊना के पुलवाला बाजार निवासी रमन पुत्र रविंद्र कपिला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार यह युवक नंगल से लापता हो गया। बीती देर शाम उक्त युवक की कार नहर के किनारे मिली है। बताया जा रहा है कि उक्त युवक के साथ तीन-चार और लोगों को भी यहां देखा गया। यह भी आशंका जताई जा रही है कि युवक अपने साथियों के साथ कहीं और न निकल गया हो। इस बिंदु पर भी जांच जरूरी है। पता चला है कि सुसाइड नोट लिखने वाले युवक के रिश्तेदार नंगल के बरारी क्षेत्र में भी रहते हैं। नहर किनारे कुष्ठ आश्रम के नजदीक लावारिस खड़ी कार की पहचान पर रिश्तेदारों ने ही नंगल पुलिस थाना को सूचित किया। उधर, नंगल पुलिस ने इस मामले को लेकर अपना पल्ला झाड़ लिया है। नंगल पुलिस ने कहा कि यह मामला ऊना से जुड़ा है। घटना चाहे नंगल में हुई हो, लेकिन कानूनी कार्रवाई ऊना पुलिस को करनी होगी।
यह लिखा है सुसाइड नोट में
रमन के नाम से लिखे सुसाइड नोट में लिखा गया है कि उसने ऊना के एक युवक का 22 हजार रुपया देना है। इसे लेकर उसे परेशान किया जा रहा है। उसने बाकायदा युवक का नाम तक अपने सुसाइड नोट में लिखते हुए कहा कि इस व्यक्ति द्वारा उसे धमकाए जाने से वह मानसिक तौर पर परेशान है। दहशत में आत्महत्या करने को विवश हो रहा है।
