
हमीरपुर। जिले में जेबीटी के रिक्त पदों को भरने के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया बुधवार से शुरू होगी। दर्जन भर से अधिक पदों के लिए विभाग के पास सवा सौ आवेदन आए हैं। टेट परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी। मेरिट में टॉप रहने वाले अभ्यर्थियों की जेबीटी के पद पर तैनाती होगी। प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने विभिन्न वर्गों के लिए आरक्षित जेबीटी के 14 रिक्त पदों को भरने के लिए पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे थे। अभ्यर्थियों के लिए टेट परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। साक्षात्कार प्रक्रिया तीन दिन तक चलेगी।
जिला में सामान्य वर्ग आईआरडीपी का एक, सामान्य वर्ग पूर्व सैनिक का एक, ओबीसी (सामान्य) के चार, ओबीसी आईआरडीपी के दो, ओबीसी पूर्व सैनिक के दो, एससी वर्ग से एक, एससी आईआरडीपी वर्ग के दो तथा एससी पूर्व सैनिक वर्ग से एक पद जेबीटी का भरा जाना है। साक्षात्कार के लिए रोजगार कार्यालय अनुसार तिथियां निर्धारित की गई हैं। आवेदन करने वाले पात्र अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्रों सहित सुबह दस बजे रिपोर्ट करना होगा।
साक्षात्कार का यह रहेगा क्रम
हमीरपुर रोजगार कार्यालय 27 नवंबर 10 बजे
बड़सर रोजगार कार्यालय 27 नवंबर 10 बजे
नादौन रोजगार कार्यालय 28 नवंबर 10 बजे
सुजानपुर, भोरंज कार्यालय 29 नवंबर 10 बजे
30 ने नहीं दिखाई रुचि
टीजीटी की विभिन्न श्रेणियों के पदों पर बैकलॉग बैचवाइज आधार पर भर्ती प्रक्रिया में ढाई दर्जन उम्मीदवारों ने रुचि नहीं दिखाई। एससी, एसटी बैकलॉग तथा पूर्व सैनिकों के आश्रितों से टीजीटी मेडिकल, नान मेडिकल, आर्ट्स संकाय में बैचवाइज आधार पर भर्ती की जानी है। पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय में 20 से 26 नवंबर तक साक्षात्कार प्रक्रिया का आयोजन किया गया, जिसमें 30 उम्मीदवारों ने भाग नहीं लिया। साक्षात्कार के लिए ढाई सौ से अधिक उम्मीदवारों को बुलाया गया था।
