अब तुरंत निपटेगा राजस्व कार्य

हमीरपुर। जिले के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। राजस्व विभाग ने पटवारियों के रिक्त पदों को भरने की पहल की है। जिले में चार दर्जन से अधिक पद खाली हैं। इनमें से करीब दो दर्जन से अधिक पदों को भर दिया गया है। इससे लोगों को राजस्व संबंधी कार्य निपटाने में सहूलियत मिलेगी और लंबा इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा। सभी पटवारियों की नियुक्तियां अनुबंध आधार पर की गई हैं। विभाग ने प्रक्रिया पूरी करने के पश्चात तैनाती भी कर दी है।
सरकार के आदेश और योजना के अनुसार विभाग में पटवारियों के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू की गई। योजना के तहत राजस्व विभाग से पटवारी, कानूनगो के पद से सेवानिवृत्त कर्मचारियों की तैनाती की जानी थी। राजस्व विभाग को सेवानिवृत्त कर्मचारियों से अनुबंध आधार पर 38 पदों को भरने की स्वीकृति मिली। रिक्त पदों पर तैनाती के लिए विभाग की प्रक्रिया के तहत 30 कर्मचारियों ने आवेदन किया। छंटनी के पश्चात 26 की तैनाती पटवारी के रूप में विभिन्न सर्कलों में कर दी गई है। इससे जनता को राजस्व संबंधी कार्य के लिए पटवारी के आने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। पूर्व में कार्यरत पटवारियों पर से भी कार्य का बोझ कम होगा। जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

विभिन्न पटवार सर्कलों में पटवारियों की नियुक्ति कर दी गई है। इससे जनता को काफी राहत मिलेगी। दो दर्जन से अधिक रिक्त पदों को भरा गया है।

Related posts