
गगरेट/ऊना। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और दिल्ली में विधानसभा चुनाव की सियासी तपिश से ऊना जिला भी गर्म हो गया है। दो राज्यों में जहां मतदान चुका है वहीं राजस्थान और दिल्ली के चुनाव पर सभी की नजर टिकी हुई है। ऊना जिले से कई कद्दावर भाजपा और कांग्रेस नेता इन राज्यों में प्रचार की कमान संभाले हुए अपनी-अपनी पार्टियों को जीत दिलाने में दिन-रात जुटे हुए हैं।
गगरेट में प्रदेश भाजपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष बलवीर सिंह ने दावा किया कि चार राज्यों मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान एवं दिल्ली में भाजपा की सरकार बनना लगभग तय है। दिसंबर माह में आने वाले नतीजों से यह साबित हो जाएगा। कांग्रेस और यूपीए से जनता तंग आ चुकी है। जनता नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री के पद पर देखना चाहती है। प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य सुशील कालिया, विकास विक्की, जिला भाजपा महासचिव विजय चौधरी सुदेश, ठाकुर जसवंत राणा आदि ने भी पार्टी की जीत का दावा किया। ऊना में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वरिंद्र धर्माणी कहते हैं कि चारों राज्यों में चुनाव नतीजे कांग्रेस के पक्ष में आएंगे। भाजपा जिस तरह मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रही है, वे कभी पूरे नहीं होंगे। नरेंद्र मोदी को पीएम पद का उम्मीदवार प्रोजेक्ट करके ही भाजपा ने सबसे बड़ी गलती कर ली है। इस मौके पर धर्माणी के साथ कांग्रेस के जिला प्रवक्ता विजय डोगरा, अमन शर्मा और संजीव कुमार भी मौजूद रहे।
