पंजावर में मटमैले पानी की सप्लाई

पंजावर (ऊना)। पंचायत पंजावर अप्पर में मटमैले पानी की सप्लाई से क्षेत्र के लोग परेशान हैं। लोगों का आरोप है कि पिछले करीब बीस दिनों से क्षेत्र में मटमैला पानी वितरित किया जा रहा है। आईपीएच विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से इस संबंध में कई बार शिकायत की गई लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों ने कहा कि यदि दो दिन के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आईपीएच विभाग के एसडीओ और जेई के कार्यालय के बाहर खाली मटकों के साथ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। पंचायत की प्रधान आशा देवी, भाजपा के मंडलाध्यक्ष जगजीत मनकोटिया, अरुण कुमार, पवन कुमार, अश्वनी कुमार, सतीश कुमार, हरमेश कुमार, सुरेखा रानी, किरण कुमारी, उर्मिला देवी और वीना आदि ने आरोप लगाया कि पिछले करीब 20 दिनों से क्षेत्र के नल मटमैला पानी उगल रहे हैं। घरों में लगे वाटर फिल्टर और एक्वागार्ड आदि मटमैले पानी से खराब हो गए हैं। अप्पर पंजावर के करीब 8000 लोग विभागीय लापरवाही के कारण समस्या से जूझ रहे हैं।
आईपीएच विभाग के एसडीओ पीएल शर्मा ने कहा कि पंजावर में नया ट्यूबवेल लगाया गया है। नए ट्यूबवेल में शुरू में इस तरह की समस्या रहती है। दो तीन दिन में साफ पानी की सप्लाई शुरू हो जाएगी। फिर भी क्षेत्र के लोगों को एक अन्य ट्यूबवेल से भी साफ पानी की सप्लाई दी जा रही है।

Related posts