दौलतपुर चौक में जाम बना परेशानी

गोंदपुर बनेहड़ा (ऊना)। दौलतपुर चौक बाजार में आए दिन लगने वाले जाम से दुकानदार और खरीदारी करने आए लोग परेशान होते हैं। बाजार से हर रोज सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। वहीं खरीददारी करने आए कई लोग भी अपने वाहनों को बीच सड़क के दोनों ओर खड़ा करके दुकानों में चले जाते हैं। इसके चलते बाजार से बड़े वाहन नहीं गुजर पाते हैं। सड़क के बीच खड़े वाहनों के कारण जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। दौलतपुर चौक में यातायात व्यवस्था का भार चौक पर मात्र एक गृहरक्षक के कंधों पर है। नगर पंचायत भी इस हर रोज लगने वाले जाम के प्रति संजीदा नहीं है। स्थानीय लोगों डा. सुभाष शर्मा, राजेंद्र, मनोहर, विनोद, राकेश, विकास, पूर्ण चंद, सुरेश कुमार, अरविंद, रमेश कुमार आदि का कहना है कि दौलतपुर चौक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा सरकारी कॉलेज होने के बावजूद नगर पंचायत की ओर से आज तक छोटे वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध करवाने को प्रयास नहीं किया गया है। कहने को तो नगर पंचायत पार्किंग व्यवस्था के बड़े-बड़े दावे करती है लेकिन हकीकत में देखा जाए ताते बाजार में आने वाले वाहन चालकों के लिए किसी भी स्थान पर पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध होने का बोर्ड नहीं लगाया गया है। कु छ दुकानदार अपनी दुकानों के आगे अतिक्रमण करके जाम लगाने में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। वोट बैंक के चलते नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों पर शिकंजा कसने से गुरेज कर रहे हैं। स्थानीय पुलिस कभी कभार बाजार में रेहड़ी फड़ी लगाकर सब्जी आदि बेचने वालों के चालान काट कर खानापूर्ति कर लेती है। बड़े दुकानदारों की ओर से किए गए अतिक्रमण की ओर देखना तक वह गवारा नहीं समझती है।

कानूनी कार्रवाई कर रही पुलिस : हरजीत
चौकी प्रभारी दौलतपुर चौक हरजीत सिंह ने बताया कि समय-समय पर वह स्थानीय दुकानदारों को सड़क पर अतिक्रमण न करने की हिदायत देते हैं। आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाती है।

अतिक्रमण पर जल्द कसेंगे शिकंजा : सुरक्षा देवी
नगर पंचायत की अध्यक्ष सुरक्षा देवी ने कहा कि अतिक्रमण की समस्या को लेकर पुलिस के साथ मिलकर पहले भी अभियान छेड़ा था। एक सप्ताह के भीतर अतिक्रमण करने वालों पर फिर से शिकंजा कसा जाएगा

Related posts