
अवाहदेवी (हमीरपुर)। क्षेत्र के बगवाड़ा में एक घर जलकर राख हो गया। घर में दो परिवार किराये पर रहते थे। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग से दोनों परिवारों को काफी नुकसान हुआ है। यहां तक कि बच्चों के बैग और किताबें भी आग की भेंट चढ़ गई हैं। आग सोमवार दोपहर बाद करीब तीन बजे लगी। परिवार कुछ भी सामान बचाने में नाकाम रहे। सूचना मिलने पर हल्का पटवारी ने मौके का निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की।
जानकारी के अनुसार सोमवार करीब तीन बजे बगवाड़ा निवासी मदन लाल के मकान की ऊपरी मंजिल में बने चार कमरों में आग लग गई। तीन कमरों को मदन लाल ने किराये पर दे रखा है जिसमें दो परिवार रहते थे। दो कमरों में दुड़ू राम का आठ सदस्यीय परिवार रहता है। एक कमरे में परमजीत शर्मा रहता है, जो दुकान करता है। दुड़ू राम मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण कर रहा है। एक कमरे में घास रखी थी। आग लगने से कुछ देर पहले ही बच्चे स्कूल से लौटे थे। बैग अंदर रखकर बच्चे बाहर आ गए थे। परिवार के सदस्य घर से बाहर थे। आग ने देखते ही देखते चारों कमरों को अपनी चपेट में ले लिया और पल भर में ही भवन भस्म हो गया। सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने आग पर काबू पाकर सामान बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। स्लेटपोश छत का भी कोई निशान नहीं रहा।
ग्राम पंचायत प्रधान माधुरी चंदेल ने घटना की पुष्टि की तथा प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की। अवाहदेवी चौकी से हवलदार संजय कुमार, सतीश कुमार ने भी मौके का दौरा किया। हल्का पटवारी समीरपुर संत राम गुलेरिया ने घटना का जायजा लेने के पश्चात प्रशासन की ओर से दुड़ू राम को तीन हजार रुपये, परमजीत को दो हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की। विस्तृत रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी है। उप प्रधान देशराज चंदेल ने दुड़ू राम को अपनी ओर से तीन हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
