उद्योग विभाग सब्सिडी पर देगा लोन

ऊना। उद्योग विभाग पात्र लोगों को सर्विस सेक्टर और उत्पादन सेक्टर में 10 से 25 लाख रुपये तक का लोन देगा। यह लोन व्यक्तिगत तौर पर फर्म व स्वयं सहायता समूह आदि ले सक ते हैं। विभाग प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत पात्र लोगों को काम शुरू करने के लिए लोन देगा। इस लोन से वे ब्यूटी पार्लर, स्कूटर बाइक रिपेयर सेंटर व कंप्यूटर सेंटर आदि चला सकते हैं। अंब गगरेट के प्रसार अधिकारी उद्योग केएल वर्मा ने बताया कि सामान्य वर्ग के लिए स्वीकृत राशि पर 25 प्रतिशत की सब्सिडी होगी। महिलाओं, एससीएसटी वर्ग और ओबीसी वर्ग के लिए स्वीकृत राशि पर 35 प्रतिशत सब्सिडी होगी। वर्मा ने बताया कि जिले भर में 50 से अधिक पात्र आवेदकों को यह लोन दिया जाना है। अंब और गगरेट क्षेत्र में ही 25 से ज्यादा आवेदकों को इस कार्यक्रम के अधीन लिया जाएगा। आवेदक इसके लिए राशन कार्ड, बोनाफाइड, आधार कार्ड, वोटर आईकार्ड व जन्म प्रमाण पत्र समेत अन्य कोई भी स्थायी होने का प्रमाण दस्तावेज लेकर आ सकता है। उन्होंने बताया कि यदि किसी आवेदक ने किसी खास कार्य में विशेषज्ञता हासिल की है कि वह उसका प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत कर सकता है। आवेदन करने के लिए आवेदक कम से कम कक्षा आठ पढ़ा होना चाहिए। सर्विस सेक्टर में लोन दस लाख तक और उत्पादन सेक्टर में 25 लाख तक दिया जाएगा।

Related posts