वाटरशैड योजना में एक वार्ड गायब

बंजार (कुल्लू)। जिला कुल्लू की लारजी पंचायत को वाटरशैड योजना के लिए चिन्हित किया गया है। लेकिन, इस पंचायत के पांच वार्डों में से एक वार्ड बनाहू को पंचायत के मानचित्र से ही गायब कर दिया गया है। इसके चलते ग्रामीण भड़क गए हैं। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री और पंचायती राजमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है।
बंजार ब्लॉक के अधिकारियों की ओर से जब वाटरशैड योजना का सर्वे किया गया तो लारजी पंचायत को इसमें शामिल किया गया। लेकिन, इसमें चार वार्ड ही दर्शाए गए हैं जबकि इस पंचायत में पांच वार्ड हैं। पंचायत समिति सदस्य झाबे राम ठाकुर ने मामले को गंभीरता से उठाते हुए इस चूक की शिकायत प्रदेश सरकार से की है। उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह तथा पंचायतीराज मंत्री से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक के अधिकारियों ने गलत सर्वे किया है और लारजी पंचायत के एक वार्ड को ही गायब कर दिया है। वास्तव में लारजी पंचायत में पांच वार्ड हैं। उन्होंने बताया कि जिस वार्ड को पंचायत से गायब किया गया है, उसमें तीन गांव बिहाली, बनाहू और गौहरू शामिल हैं। उन्होंने पंचायत समिति की बैठकों में भी इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया है तथा मांग की है कि बनाहू वार्ड को भी इस योजना में शामिल किया जाए। झाबे राम ठाकुर ने चेतावनी दी है कि यदि इस चूक को सुधारा नहीं गया तो शीघ्र पूरी पंचायत के लोग उग्र आंदोलन करने को मजबूर हो जाएंगे।

Related posts