नेशनल एसटी कमीशन के उपाध्यक्ष राष्ट्रपति से मिले

केलांग। नवनियुक्त जनजातीय आयोग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रवि ठाकुर शनिवार को दिल्ली में राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी से मिले। रवि ठाकुर ने उन्हें चीन अधिकृत तिब्बत की सीमा से सटे हिमाचल के जनजातीय इलाकों की परिस्थितियों से अवगत करवाया। उन्होंने राष्ट्रपति से लाहौल-स्पीति जिले की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने को लेकर भी चर्चा की। साथ ही मूलभूत सुविधाओं के अभाव में यहां से लोगों के पलायन पर चिंता जाहिर की। रवि ठाकुर ने कहा कि लाहौल-स्पीति में स्वास्थ्य, बिजली और बेहतर शिक्षा न मिलने से जिले के लोग बाहरी क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं, जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा किलाहौल-स्पीति से पलायन के चलते जिला की आबादी बढ़ने की बजाय हर साल घटती जा रही है। रवि ठाकुर ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति को लाहौल-स्पीति आने का न्यौता दिया है। इसके बाद रवि ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव एवं हिमाचल प्रभारी अंबिका सोनी से भी मुलाकात की।

Related posts