
अंब (ऊना)। अंब-ऊना मुख्य मार्ग पर बीजापुर के समीप नील गाय के अचानक कार के सामने आ जाने से कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। कार में सवार तीन लोगों को चोटें आईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों का स्थानीय निजी क्लीनिक में उपचार करवाया गया। कार सवार गुड़गांव के रहने वाले हैं, जो धर्मशाला से वापस लौट रहे थे। धर्मशाला से लौटते वक्त उनकी कार सामने से आ रही नीलगाय से टकरा गई। हादसे के दौरान कार चालक अमन कुमार कार को संभाल नहीं पाया और कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। दुर्घटना में चालक अमन के साथ कार में सवार मनीषा बंसल व उनके पति राजेंद्र बंसल को चोटें आई हैं। उधर, अंब थाना के ट्रैफिक इंचार्ज अमरीक सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली थी। किसी की ओर से कोई शिकायत न मिलने के कारण मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
