दुकान पर कब्जे के लिए जमकर हंगामा

चंबा। स्थानीय बाजार में पीएनबी के पास स्थित आग की भेंट चढ़ चुकी दुकान पर कोर्ट के आदेशानुसार कब्जा किए जाने की कार्रवाई को दुकान के किरायेदारों ने जेसीबी के आगे खड़े होकर रोक दिया। इस पर स्थानीय पुलिस थाना में मौके पर मौजूद पुलिस कांस्टेबल की रिपोर्ट पर इस कार्य में बाधा डालने वाले करीब एक आधा दर्जन लोगों के खिलाफ कोर्ट के आदेशों में बाधा उत्पन्न करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी जगतराम ने बताया कि मौके पर भेजे गए पुलिस कांस्टेबल ने शिकायत की है कि शुक्रवार शाम को जब दुकान के मालिक के साथ कोर्ट के आदेशों के तहत दुकान का कब्जा दिलाने गए तो वहां मौजूद रोहित महाजन, नरेश महाजन तरुण महाजन, कविंद्र महाजन, पंकज महाजन, रमन महाजन, अनूप महाजन, मनोज महाजन ने इसमें बाधा उत्पन्न की। जब उन्हें कोर्ट के आदेशों से अवगत करवाया गया तो उन्होंने इनकी अवज्ञा करते हुए मौके पर मौजूद जेसीबी के आगे खड़े होकर काम नहीं करने दिया। एसपी ने बताया कि इस पर आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 188 व 147 के तहत मुकदमा दर्ज करके मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। उधर, शुक्रवार शाम चार बजे के करीब जब दुकान के मालिक कोर्ट के आदेशों के साथ अपने वकीलों व पुलिस के साथ मौके पर जेसीबी लेकर पहुंचे तो दूसरा पक्ष भी मौके पर पहुंच गया। इस पर दोनों पक्षों में कब्जे को लेकर काफी बहस भी हुई। इसे देख बाजार में काफी भीड़ जमा हो गई। कब्जे को लेकर करीब दो घंटे तक चली जद्दोजहद के बाद जब किराएदार पक्ष जेसीबी के आगे से हटने को नहीं माना तो पुलिस ने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद दोनों पक्ष चले गए और कब्जा लेने की प्रक्रिया नहीं हो पाई। इस दौरान किरायेदार पक्ष यह कहते हुए कब्जा करने का विरोध कर रहा था कि करीब दो साल पहले आगिभनकांड की भेंट चढ़ चुकी इस दुकान के मलबे में उनका सामान पड़ा हुआ है। वहीं मालिक पक्ष इस दुकान पर कब्जे की कानूनी लड़ाई जीतने के बाद कब्जा लेने के आदेशों के साथ पहुंचा हुआ था।

Related posts