पेंशनरों की सुविधा को शिफ्ट होगा कार्यालय

ऊना। उपायुक्त अभिषेक जैन ने शनिवार को जिला कोष कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली की जानकारी भी हासिल की। उन्होंने जिला कोष अधिकारी को निर्देश दिए कि वह कार्यालय की दूसरी मंजिल पर स्थित पेंशन शाखा को एक माह के भीतर धरातल मंजिल में कार्यालय के मुख्य द्वार के साथ लगते कमरों में स्थानांतरित करें ताकि बुजुर्ग पेंशनधारकों को बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाई जा सकें। उन्होंने पेंशन शाखा धरातल में स्थापित करने के लिए दो लाख रुपये स्वीकृ त किए तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस कार्य को तुरंत शुरू करें। उन्होंने कोष कार्यालय के पुराने भवन को असुरक्षित या सुरक्षित घोषित करने के लिए संयुक्त निरीक्षण कमेटी को मौका करने को भी कहा। उपायुक्त ने कहा कि हालांकि कोष कार्यालय चारों तरफ से सड़क से जुड़ा हुआ है तथा छोटे वाहन यहां आसानी से आते हैं। फिर भी विभाग कार्यालय को अपनी सुविधा के अनुसार दूसरी जगह स्थानांतरित कर सकता है। उपायुक्त ने बताया कि प्रस्तावित लघु सचिवालय भवन में कोष कार्यालय का भी प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि कोष कार्यालय परिसर में स्थित अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विद्युत मंडल कार्यालय अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण भवन में शिफ्ट होने के बाद मौजूदा कोष कार्यालय में जगह की कोई कमी नहीं रहेगी।
जिला कोषाधिकारी तिलक राज शर्मा ने बताया कि कोष कार्यालय में आने व जाने वाले पेंशन धारकाें को पूरा मान-सम्मान दिया जाता है तथा उनके कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। इस कोष कार्यालय के अधीन केवल एक प्रतिशत अपंग पेंशनधारक हैं, जिनके कार्य प्रवेश द्वार पर ही किए जा रहे हैं। पेंशनभोगी वर्ष में जुलाई व अगस्त माह में अपना जीवित प्रमाण पत्र अपने नजदीकी कोष कार्यालय में जमा करवा सकते हैं या डाक द्वारा भेज सकते हैं।

Related posts