
बंगाणा (ऊना)। दो नकाबपोश शातिरों ने वीरवार रात बंगाणा स्थित पंजाब नेशनल बैंक के ताले तोड़ डाले। एटीएम को भी तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सके। बहरहाल, बंगाणा में चोरी की एक बड़ी वारदात होने से बच गई। बंगाणा के थाना प्रभारी रामदास कौशल ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है तथा सीसीटीवी कैमरे से फुटेज लेकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज में दो नकाबपोशों के चेहरे सामने आए हैं।
पीएनबी बंगाणा के ब्रांच मैनेजर विनोद कुमार ने बताया कि एटीएम का गेट बंद करने एवं खोलने के लिए एक चौकीदार रखा हुआ है। जो रात को नौ बजे एटीएम का दरवाजा बंद कर सुबह सात बजे खोलता है। चौकीदार के मुताबिक शुक्रवार सुबह सात बजे जब वह एटीएम का दरवाजा खोलने के लिए पहुंचा तो उसने देखा कि दरवाजे के ताले टूटे पड़े हैं। चौकीदार ने तुरंत इसकी सूचना फोन कर बैंक मैनेजर को दी। मैनेजर ने मौके पर पहुंचकर देखा कि एटीएम के अलावा बैंक के मेन गेट के भी ताले टूटे पड़े हैं। शातिरों ने बैंक के शटर के दो ताले तोड़ डाले, उसके बाद ग्रिल वाले गेट का भी एक ताला तोड़ डाला। लेकिन मेन गेट का एक दरवाजा न खुल पाने की वजह से शातिर अंदर नहीं जा सके। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
मैनेजर विनोद कुमार ने बताया कि रात सवा ग्यारह से लेकर 12 बजकर 45 मिनट लगभग डेढ़ घंटे तक दो नकाबपोश चोर एटीएम का दरवाजा अंदर से बंद कर लोहे की लंबी राड के साथ वारदात को अंजाम देते रहे। सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़ डाला। लेकिन एटीएम मशीन को तोड़ पाने में नाकामयाब रहे।
