कानूनगो और पटवारी सस्पेंड

कुल्लू। कार्यालय में गैरहाजिर रहने और काम में कोताही बरतने के कारण जिलाधीश कुल्लू ने कानूनगो और पटवारी को निलंबित कर दिया है। जिला राजस्व अधिकारी कुल्लू सिद्धार्थ आचार्य ने बताया कि क्षेत्रीय कानूनगो वृत्त भुंतर में कार्यरत कानूनगो बेली राम तथा कुल्लू तहसील के पटवार वृत्त ढालपुर में कार्यरत रोशन लाल पटवारी को निलंबित कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि कार्यालय में बिना किसी वैध कारण के 15 दिन गैरहाजिर रहने की वजह से बेली राम कानूनगो तथा पटवार वृत्त ढालपुर में कार्यरत पटवारी रोशन लाल को काम में कोताही बरतने की वजह से उपायुक्त कुल्लू ने तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इनके खिलाफ विभाग को शिकायत मिली थी। उपायुक्त कुल्लू राकेश कंवर ने बताया कि गैरहाजिर रहने पर कानूनगो और काम में कोताही बरतने पर पटवारी को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि अब इन दोनों के खिलाफ विभागीय जांच की जाएगी। विभागीय जांच के बाद दोनों के खिलाफ उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने जिला में कार्यरत कर्मचारियों को लोगों के काम समय पर निपटाने को कहा। उन्होंने कहा कि काम में कोताही बरतने वाले कर्मियों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी

Related posts