
निजी गैस एजेंसी ने लगाया चूना
बद्दी (सोलन)। बद्दी स्थित एक निजी गैस एजेंसी के संचालकों ने डेढ़ हजार उपभोक्ताओं के साथ धोखा किया है। कंपनी ने कुछ दिन तक एजेंसी चलाने के बाद उसे बिना बताए बंद कर दिया है। जिससे उपभोक्ताओं को न तो अब गैस मिल रही है न ही उन्हें इस बात की जानकारी है कि भविष्य में यह एजेंसी चालू होगी या नहीं। एजेंसी का बद्दी स्थित कार्यालय छह माह से बंद पड़ा है। उपभोक्ताओं ने अब एजेंसी के खिलाफ उपभोक्ता फोरम जाने के फैसला लिया है।
कांगड़ा के पंकज कुमार, हमीरपुर मदन लाल, ऊना के सुरजीत सिंह, बिलासपुर के प्रकाश, उत्तर प्रदेश के अमित और सुमित पाल के अनुसार उन्होंने डेढ़ वर्ष पूर्व बद्दी स्थित भारती गैस एजेंसी से घरेलू गैस कनेक्शन लिया था। शुरू में बिना चूल्हे के चार हजार में मिला। बाद में इसके रेट बढ़ते गए तथा कुछ उपभोक्ताओं ने आठ हजार रुपये में कनेक्शन लिए हैं। एजेंसी संचालकों ने बद्दी में बाकायदा कार्यालय खोला। एक वर्ष के दौरान करीब डेढ़ हजार उपभोक्ताओं ने इस एजेंसी से गैस कनेक्शन ले लिए थे, लेकिन छह माह से एजेंसी संचालक अपना कार्यालय बंद करके रफूचक्कर हो गए हैं। प्रभावित उपभोक्ता मदन लाल और पंकज कुमार ने बताया कि वह न तो किसी ओर एजेंसी से कनेक्शन ले पा रहे हैं और न ही एजेंसी के संचालकों का कोई पता चल रहा है। उन्होंने अब उपभोक्ता फोरम में जाने का फैसला लिया है।
इस संबंध में इंडियन गैस कंपनी के प्रदेश प्रभारी रजत के अनुसार उन्हें इसकी सूचना नहीं है। कुछ एजेंसी संचालक कनेक्शन लेने के नाम पर पैसा ऐंठने के बाद ऐसा कर रहे हैं। इनके खिलाफ पुलिस मेें मामला दर्ज करना चाहिए। इस संबंध में खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक अविनाश चंद्र ने बताया कि उन्हें ऐसी सूचना मिली है। वह इसकी छानबीन करवाएंगे।
