
ऊना। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी अभी से शुरू करें। उन्होंने कहा कि भाजपा एवं एनडीए गठबंधन प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को कांग्रेस मुक्त सरकार देने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे यूपीए सरकार के जनविरोधी फैसलों को जनता के बीच लेकर जाएं और आने वाली एनडीए के एजेंडे की चर्चा भी जनता में करें। वह स्थानीय विश्रामगृह में मंडल भाजपा की बैठक में बोल रहे थे।
रविवार को मंडल अध्यक्ष रमेश भड़ोलियां की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती एवं जिला भाजपाध्यक्ष बलवीर बग्गा ने विशेष रूप से शिरकत की। सत्ती ने ऊना विधानसभा क्षेत्र में संगठन की फीड बैक ली। उन्होंने बूथ से लेकर मंडल की ओर से किए गए कार्यों की समीक्षा भी की। बैठक में प्रस्ताव पारित करके भाजपा नेताओं ने ऊना से नांदेड़ साहिब ट्रेन चलाने के लिए सांसद अनुराग ठाकुर का आभार व्यक्त किया। बग्गा ने कहा कि चंद माह में वीरभद्र सरकार की लोकप्रियता का ग्राफ नीचे आ गया है। लोग भाजपा सरकार को याद करने लगे हैं।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर सागर दत्त भारद्वाज, मंडल महामंत्री अंबिका दत्त भारद्वाज, ऊना शहरी इकाई के अध्यक्ष सुरजीत सैनी, जिला परिषद सदस्य अवतार घुग्गी, तिलकराज सैनी, अशोक कुमार, उर्मिला चौधरी, पुष्पा देवी, हरि सिंह ठाकुर, विनय आंगरा, हरीश कुमार, नवदीप कश्यप, राजकुमार पठानिया, एडवोकेट राजू, बलविंद्र गोल्डी, प्रमोद वर्मा, शिव कुमार सांभर समेत कई लोग मौजूद रहे।
सरदार पटेल की प्रतिमा को ऊना से जाएगा लोहा
गुजरात में बनने वाली सरदार वल्लभ भाई पटेल की विशालकाय प्रतिमा के लिए भाजपा व उसके अन्य संगठन जिला ऊना के गांवों से लोहा इकट्ठा कर गुजरात भेजेंगे। सत्ती ने बताया कि प्रतिमा के लिए खेती के प्रयोग में होने वाला एक औजार हर किसान से लिया जाएगा और हर गांव की मिट्टी भी गुजरात भेजी जाएगी। सत्ती ने कार्यकर्ताओं ने इस कार्य में जुटने का आह्वान किया।
