पतलीकूहल में जाम की समस्या हुई आम

पतलीकूहल (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली के प्रवेशद्वार पतलीकूहल में इन दिनों जाम की समस्या आम हो गई है। खासकर सुबह दस बजे और शाम पांच बजे के करीब यहां वाहन दौड़ने के बजाय रेंगते हुए नजर आते हैं। जाम के चलते कुल्लू या मनाली की ओर स्कूल-कॉलेज या दफ्तर जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इतना ही नहीं, रास्ते में वाहनों के खड़ा होने से यहां से गुजर रहे लोगों को भी परेशानी होती है। सड़क पर बेतरतीब खडे़ किए वाहन जाम की वजह माना जा रहा है। इन दिनों पतलीकूहल चौक पर ट्रैफिक पुलिस कर्मी की तैनाती न किए जाना भी जाम का एक बड़ा कारण माना जा रहा है। इस कस्बे से जहां कुल्लू और मनाली को सड़क जाती है, वहीं नग्गर और पनगां को भी यहीं से सड़क जाती है। लिहाजा, वाहन चालकों की जरा सी चूक भी लंबा जाम लगा देती है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि यातायात पुलिस की तैनाती हो जाती है तो पतलीकूहल में जाम की समस्या खत्म हो जाएगी। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पर्यटन सीजन के दौरान यातायात नियंत्रित करने को यहां स्पेशल फोर्स मंगवाई जाती है। लिहाजा, समस्या के निदान को जल्द ट्रैफिक पुलिस तैनात की जाएगी।

Related posts