
ऊना। क्षेत्र के कांगड़ में एक महिला ने किसी जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे महिला की मौत हो गई है। पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है। जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कांगड़ निवासी 40 वर्षीय महिला प्रवीण ने सोमवार सुबह जहरीला पदार्थ निगल लिया। इससे उसकी तबीयत काफी बिगड़ गई। परिजन उसकी बिगड़ती हालत को देख महिला को नजदीकी अस्पताल ले गए। लेकिन चिकित्सकों ने महिला की नाजुक हाल के चलते उसे प्राथमिक उपचार के बाद ऊना अस्पताल रेफर कर दिया। महिला के शरीर में जहर की मात्रा अधिक फैलने से उसे बचाया नहीं जा सका। महिला के जहरीला पदार्थ निगलने के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। उधर डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। जबकि मामले की आगामी तहकीकात की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले को लेकर महिला के परिजनों से भी पूछताछ जारी है।
