1367 ने दी छात्रवृत्ति परीक्षा

हमीरपुर। शिक्षा विभाग की माध्यमिक मेधावी छात्रवृत्ति योजना के तहत 1367 छात्रों ने परीक्षा दी। खंड मुख्यालयों में स्थापित परीक्षा केंद्रों में परीक्षा का आयोजन सुबह 11 बजे से 1:15 बजे तक किया गया। शिक्षा विभाग ने 1515 छात्रों को रोल नंबर प्रेषित किए थे, जिनमें से 148 छात्र-छात्राएं परीक्षा में उपस्थित नहीं हुए। हमीरपुर खंड में स्थापित परीक्षा केंद्र में 212 छात्रों में से 190 ने परीक्षा दी जबकि 22 छात्र अनुपस्थित रहे।
छात्रवृत्ति परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान करेगा। परिणाम तैयार कर प्रत्येक खंड से दो छात्र और दो छात्राओं के नाम छात्रवृत्ति के लिए विभाग को प्रेषित किए जाएंगे। परीक्षा के लिए सरकारी स्कूल से पांचवीं कक्षा उत्तीर्ण करने वाले तथा सरकारी स्कूल में ही छठी कक्षा में अध्ययनरत छात्र ही पात्र थे। निजी संस्थानों में अध्ययनरत छात्र परीक्षा के लिए पात्र नहीं थे। साथ ही पात्रता के लिए ए ग्रेड के साथ पांचवीं कक्षा उत्तीर्ण होने की शर्त रखी गई थी।

छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन किया गया। बाल स्कूल हमीरपुर और बिझड़ी स्थित परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। परीक्षा के आयोजन को सुचारू रूप से कर लिया गया है।

Related posts