नेऊली सड़क पर अतिक्रमण से भड़के ग्रामीण

खराहल (कुल्लू)। नेऊली-लारीकोट सड़क पर अतिक्रमण से ग्रामीण भड़क गए हैं। सड़क के साथ कई लोग मकानों का निर्माण कर रहे हैं, जिसके चलते सड़क जगह-जगह से संकरी होती जा रही है।
हालांकि, लोनिवि ने इस सड़क पर लगी जमीन का मुआवजा भी लोगों को मुहैया करवाया है। बावजूद इसके अतिक्रमण बदस्तूर जारी है। ऐसे में घाटी के गांव नेऊली, थरमाण, ग्राहण, ज्वाणी, जगोट, बराधा और ओढ़ीधार के ग्रामीण अतिक्रमण कार्य के खिलाफ लामबंद हो गए हैैं। अतिक्रमण के चलते सड़क तंग होने से चालकों और लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन तथा संबंधित विभाग भी अतिक्रमण कार्य के खिलाफ कार्रवाई करने में नाकामयाब साबित हो रहा है। ग्राम पंचायत नेऊली के आधा दर्जन लोगाें ने अतिक्रमण कार्य के खिलाफ मोर्चा खोलने का मन बना लिया है। इसके लिए सड़क संघर्ष समिति का गठन किया गया है। सड़क संघर्ष समिति के अध्यक्ष निशु महंत, ग्रामीण योगराज, काकू, टोनी, संजीव महंत, राजेश और प्रेम आदि का कहना है कि नेऊली सड़क पर कई लोगों ने जबरदस्ती अतिक्रमण करना शुरू कर दिया है। इसके चलते सड़क की चौड़ाई कम होने से सड़क पर सफर करना दिनप्रतिदिन कठिन हो रहा है। कई जगह वाहनों को पास लेना भी मुश्किल हो रहा है। इस संदर्भ में सड़क संघर्ष समिति ने एक प्रस्ताव मुख्यमंत्री व स्थानीय विधायक महेश्वर सिंह को भी प्रेषित किया है। उधर, लोनिवि के सहायक अभियंता विनय हाजरी कहते हैं कि अतिक्रमण करने वालों को लोनिवि ने नोटिस भेज दिया है। नियमों के अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related posts