
हरोली (ऊना)। हरोली ब्लाक की एक प्राथमिक पाठशाला में एक अध्यापिका ने फर्जी डिग्री पर नौकरी हासिल कर ली। ललहड़ी निवासी गुरबारा सिंह ने ब्लाक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी गुरदीप सिंह के पास इसकी शिकायत की है। शिकायत के आधार पर मामले पर जांच बिठाई गई है। गुरदीप सिंह स्वयं शनिवार को संबंधित पाठशाला में जाकर इस मामले की जांच करेंगे और अध्यापिका की बीएड की डिग्री को कब्जे में लेकर इसकी सत्यता जांचने के लिए आगामी कार्रवाई होगी। अध्यापिका संबंधित पाठशाला में बतौर पैट टीचर कार्यरत है। शिकायतकर्ता गुरबारा सिंह ने बीईईओ को सौंपी शिकायत के साथ अध्यापिका की बीएड की डिग्री की प्रति भी संलग्न की है। संबंधित अध्यापिका ने हरीश चंद्र पीजी कालेज वाराणसी से प्राप्त डिग्री के आधार पर नौकरी पाई। शिकायतकर्ता ने आरटीआई के जरिए संबंधित कालेज के प्रधानाचार्य से डिग्री के संदर्भ में पूछा तो वाराणसी के कालेज प्राचार्य डा. सोहन लाल यादव ने अपने जवाब में इस डिग्री को फर्जी बताया है। कालेज प्राचार्य ने शिकायतकर्ता को प्रेषित जवाब में लिखा है कि संलगभन पत्र में अंकित सत्र 2004-05 बीएड कक्षा में उपरोक्त अनुक्रमांक/नामांकन संख्या का कोई छात्र/छात्रा पंजीकृत नहीं है। शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बीईईओ हरोली गुरदीप सिंह ने कहा कि वह स्वयं शनिवार को संबंधित पाठशाला में जाकर जांच करेंगे। स्कूल मुखिया को भी निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित अध्यापिका को शनिवार को स्कूल में हाजिर रहने के लिए कहें। उन्होंने कहा कि डिग्री की सत्यता जांचने के लिए इसे संबंधित शैक्षणिक संस्थान को भेजा जाएगा।
