
गगरेट (ऊना)। क्षेत्र के बढेड़ा राजपूतां में क्रिकेट मैच को लेकर हुई मामूली कहासुनी के बाद दो गुटों में संघर्ष हो गया। दोनों गुटों ने एक दूसरे पर लात घूंसों एवं लाठियां से हमला कर दिया। वारदात में तीन युवक घायल हो गए हैं, जिनके सिर और बाजू पर चोटें आई हैं। सभी घायलों को मेडिकल एवं उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार उमेश कु मार पुत्र रोशन लाल निवासी बढेड़ा राजपूतां ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह रवि सिंह व शाम कुमार के साथ गांव बढेड़ा राजपूतां में चल रहे क्रिकेट मैच देख रहा था। मैच के समाप्त होने के बाद वे अपने-अपने घर जाने लगे तो दो मोटरसाइकिलों पर प्रिंस कुमार, सुनील व साहिल निवासी बढेड़ा ने उनसे बहसबाजी करनी शुरू कर दी और रास्ता रोककर उन पर लाठियों से हमला कर दिया। इससे उसे और उसके साथियों को सिर बाजू पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने लिखित शिकायत के आधार पर धारा 341, 323 एवं 34 के तहत केस दर्ज कर लिया है, जबकि मामले की आगामी छानबीन की जा रही है। घायलों का अस्पताल में मेडिकल करवाया जा रहा है।
