कृषि विक्रय केंद्र में नहीं पहुंचा प्याज बीज

नादौन (हमीरपुर)। कृषि विक्रय केंद्र नादौन में प्याज बीज के सैंपल फेल होने के बाद बीजों की दूसरी खेप नहीं पहुंची है। इससे किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एक तरफ प्याज की कीमतें आसमान छू रही हैं वहीं प्याज का बीज न मिलने से किसानों में प्रदेश सरकार और संबंधित विभाग के प्रति रोष है।
किसानों में प्यार चंद, सुनील कुमार, बलवंत सिंह, ध्रुव सिंह, बलबीर सिंह, निर्भय, शम्मी, जोगिंद्र आदि का कहना है कि किसानों की मांगों के बाद प्याज के बीज की खेप केंद्र में पहुंची थी। सैंपल फेल होने से स्टाक को वापस भेज दिया गया था। दूसरा स्टाक केंद्र में नहीं पहुंच पाया है। किसानों की परेशानियां बढ़ गई हैं। किसानों की मांग के बावजूद विभाग केंद्र में बीज न होने का हवाला देकर अपना पल्लू झाड़ रहा है। किसानों का कहना है कि प्याज का बीज मुहैया न होने पर खेत खाली रह जाएंगे। प्याज की बिजाई का सीजन शुरू हो गया है लेकिन अभी भी केंद्र में प्याज का बीज नहीं पहुंच पाया है। किसानों ने संबंधित विभाग और प्रदेश सरकार से मांग की कि केंद्र में प्याज का बीज जल्द मुहैया करवाया जाए।

प्याज बीज के सैंपल फेल हो गए थे। बीज की दूसरी खेप नहीं आई है। जैसे ही प्याज का बीज आएगा, लोगों को दे दिया जाएगा।

Related posts