टूटी-फूटी नालियां बनीं आफत

भल्याणी (कुल्लू)। शहर के वार्ड-1 की टूटी-फूटी नालियां लोगों के लिए किसी आफत से कम नहीं हैं। यहां सुबह-शाम नालियों का पानी अक्सर वार्ड की सड़कों और फुटपाथों पर बिखर जाता है। ऐसे में राहगीरों को खासी दिक्कत होती है। स्थानीय वार्डवासियों के बार-बार आग्रह के बावजूद नगर परिषद कुल्लू लोगों की इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रही है। लोगों की मानें तो टूटी-फूटी और कच्ची नालियों (चलियों) को पक्का करने के लिए उन्होंने कई मर्तबा नप से गुहार लगाई है। इसके साथ ही वार्ड के घरों को सीवरेज कनेक्शन की मुख्य लाइन से जोड़ने के लिए भी लोगों को 20 से 30 हजार रुपये प्रति परिवार खर्च करने पड़ रहे हैं। सीवरेज के मेन होल कई घरों से काफी दूर हैं। ऐसे में इस समस्या से दो-चार होना पड़ रहा है। वार्ड-14 के पूर्व पार्षद ओम प्रकाश सूद तथा वरिष्ठ नागरिक अनिरुद्ध खैरा ने बताया कि उन्होंने इस मामलों को कई बार नप के प्रतिनिधियों के समक्ष रखा। बावजूद इसके उनकी इन समस्याओं की कोई भी सुनवाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने नगर परिषद अध्यक्ष ऋषभ कालिया से हस्तक्षेप कर इन समस्याओं के निदान की मांग की है।
बाक्स: जल्द होगा समस्या का निदान : कालिया
नगर परिषद कुल्लू के अध्यक्ष ऋषभ कालिया ने इस संदर्भ में बताया कि शहर की कच्ची नालियां जल्द पक्की होंगी। इसके लिए केंद्र सरकार से प्रिंसिपल अप्रूवल मिल गई है। जहां तक सीवरेज कनेक्शन में लोगों को समस्या आ रही है, वह उनसे संपर्क कर सकते हैं। ऐसे परिवारों के घरों को निशुल्क सीवरेज सिस्टम से जोड़ा जाएगा।

Related posts